नैरोबी: उत्तरी केन्या के एक सुदूर इलाके में बुधवार सुबह हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार 5 अमेरिकी नागरिकों समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई। केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9:13 बजे हुआ, जब हेलीकॉप्टर लोईसाबा संरक्षण क्षेत्र से सांबुरु काउंटी के इवासो नीरो क्षेत्र की ओर उड़ान भर रहा था। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे में 5 अमेरिकी नागरिकों की मौत
सांबुरु के पुलिस कमांडर डेविड नकोरोई ने बताया कि हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की जान चली गई। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि मृतकों में पांच अमेरिकी नागरिक शामिल थे। अमेरिकी दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और पीड़ितों के परिवारों को आवश्यक राजनयिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि मृतकों में टेलीमुंडो नेटवर्क के अध्यक्ष और महाप्रबंधक जोसे सुआरेज (55) भी शामिल थे। उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
माउंट ओलोलोकवे के पास हुआ हादसा
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हेलीकॉप्टर लोकप्रिय पर्यटन स्थल माउंट ओलोलोकवे की तलहटी में एक दुर्गम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। बताया जा रहा है कि स्थानीय कंपनी लेडी लोरी हेलीकॉप्टर्स का हेलीकॉप्टर यात्रा कंपनी ‘बियॉन्ड’ के मेहमानों को लेकर जा रहा था। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर की पहचान यूरोकॉप्टर EC130 B4 के रूप में हुई है।
खोज और बचाव अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय सफारी संचालक ‘ट्रॉपिक एयर केन्या’ ने अभियान में मदद के लिए अपने दो हेलीकॉप्टर भेजे हैं। केन्या रेड क्रॉस की आपातकालीन टीमें भी विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम इलाके में होने के कारण बचाव दल को वहां पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हादसे के कारणों की जांच जारी है। इससे पहले फरवरी में पश्चिमी केन्या के एक पहाड़ी इलाके में भी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस हादसे में 6 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें एक सांसद भी शामिल था।