असम में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोला है। सीएम सरमा ने राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्हें जेल भेजने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि उनका बाल भी बांका करने के लिए कांग्रेस नेताओं को नया जन्म लेना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी को दोबारा जन्म लेना पड़ेगा, तब भी यह संभव नहीं होगा।
इस दौरान उन्होंने गौरव गोगोई पर भी निशाना साधते हुए उन्हें “छोटा पप्पू” करार दिया। सरमा ने कहा कि जो लोग उन्हें गिरफ्तार करने की बात कर रहे हैं, वे ऐसा इस जन्म में नहीं कर सकते। दरअसल, यह बयानबाजी असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर जारी राजनीतिक टकराव का हिस्सा है। हाल ही में राहुल गांधी ने असम दौरे के दौरान सरमा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि राज्य में “लैंड एटीएम” चलाया जा रहा है, जहां जमीन छीनकर बड़े कॉरपोरेट्स को दी जा रही है। राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो सरमा को जेल जाना पड़ेगा।
इस पर जवाब देते हुए हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि राहुल गांधी खुद नेशनल हेराल्ड मामले समेत कई मामलों में जमानत पर बाहर हैं, फिर भी दूसरों को जेल भेजने की बात कर रहे हैं। गौरतलब है कि हिमंत बिस्व सरमा पहले कांग्रेस में थे, लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गए। इसी वजह से दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से राजनीतिक टकराव चलता आ रहा है। चुनाव नजदीक आते ही यह बयानबाजी और तेज हो गई है।