लखनऊ| यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अयोध्या में कथित ‘मछली भोज’ को लेकर सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। अब योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर अजय राय पर निशाना साधा है। राजभर ने अजय राय के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने मछली खाने का सबूत सामने लाने की चुनौती दी थी। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अजय राय खुद स्वीकार कर रहे हैं कि वह कार्यक्रम में गए थे, लेकिन उनका कहना है कि उन्होंने मछली नहीं खाई। राजभर ने कहा कि उन्हें पता है कि अजय राय मछली नहीं खाते, लेकिन सावन के महीने में किसी सनातनी व्यक्ति का मछली के भोज वाले कार्यक्रम में शामिल होना उन्हें हैरान करने वाला लगता है।
2027 को लेकर राजभर का बड़ा दावा
ओमप्रकाश राजभर ने इस दौरान 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में समाजवादी पार्टी चाहे जितनी तैयारी कर ले, प्रदेश में अगली सरकार बनने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही होंगे। राजभर ने कहा कि विपक्षी दल अपनी तैयारियां कर रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में यूपी की सत्ता की कमान एक बार फिर योगी आदित्यनाथ के हाथ में होगी।
क्या है अजय राय के ‘मछली भोज’ का विवाद?
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित एक निषाद सम्मेलन के संदर्भ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर मछली के भोज में शामिल होने को लेकर टिप्पणी की थी। इसके बाद यह मुद्दा राजनीतिक विवाद में बदल गया। अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर आरोपों पर जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि वह पूरी तरह शाकाहारी हैं और अयोध्या में निषाद समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक निमंत्रण पर शामिल हुए थे।
अजय राय ने यह भी कहा था कि यदि उनके मछली खाने की कोई प्रमाणित तस्वीर या वीडियो मुख्यमंत्री के पास है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने दावा किया था कि ऐसा सबूत सामने आने पर वह राजनीति छोड़ने के लिए तैयार हैं। अजय राय के मुताबिक, उन्हें निषाद समाज की ओर से कार्यक्रम में बुलाया गया था। उनका कहना था कि वहां मछली बनाई जा रही थी या नहीं, यह आयोजन से जुड़े लोगों का विषय था। उन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और इसके बाद वहां से चले गए।