चंडीगढ़। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई और आम आदमी पार्टी के नेताओं पर बढ़ती सियासी हलचल के बीच पंजाब सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। राज्य सरकार ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को दी गई सुरक्षा वापस ले ली है।
सुरक्षा वापस लेने का फैसला
पंजाब में वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के कुछ समय बाद राघव चड्ढा को राज्य सरकार की ओर से Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी। यह सुरक्षा अब तक जारी थी, लेकिन हाल ही में उन्हें राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद इस पर पुनर्विचार किया गया। अब राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस लेने का निर्णय लिया है।
केंद्र सरकार दे सकती है सुरक्षा
सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार राघव चड्ढा को Z श्रेणी की सुरक्षा देने पर विचार कर रही है। यह सुरक्षा दिल्ली और पंजाब दोनों जगह लागू हो सकती है, जबकि अन्य स्थानों पर Y+ श्रेणी का सुरक्षा घेरा दिया जा सकता है।
पार्टी में हुआ नेतृत्व परिवर्तन
हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया था। उनके स्थान पर अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस घटनाक्रम से पहले प्रवर्तन निदेशालय ने अशोक मित्तल के घर और दफ्तर पर छापेमारी की थी, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।