नई दिल्ली। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता दिख रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे। वह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्र साहिल लाछोब से जुड़े मामले में शिकायत और कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे हैं।
छात्र पर पैलेट गन इस्तेमाल का लगाया गया आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। इसी कार्रवाई में साहिल लाछोब के घायल होने का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि राहुल गांधी मामले को सामने लाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे हैं।
राहुल पहले भी उठा चुके हैं मामला
राहुल गांधी ने 24 जुलाई को साहिल लाछोब के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे। इससे पहले राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर भी मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पैलेट गन जैसे बल के इस्तेमाल की अनुमति किस स्तर से दी गई थी।
कांग्रेस ने गृह मंत्री से मांगा जवाब
कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई की कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री से स्पष्ट जवाब मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि पैलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी या नहीं। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी का थाने पहुंचना इसी पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर है। वहीं, इस मामले में पुलिस और केंद्र सरकार की ओर से लगाए गए आरोपों पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।