उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो चुका है और यह देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। हर दिन हजारों-लाखों की संख्या में भक्त रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा और विभिन्न राजनीतिक दलों के कई बड़े नेता राम मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। इसी बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अब तक मंदिर न जाने को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
अब राहुल गांधी के राम मंदिर दर्शन को लेकर स्थिति स्पष्ट होती नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने जानकारी दी है कि राहुल गांधी जल्द ही अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे।
गोंडा दौरे के दौरान प्रेसवार्ता में सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि राहुल गांधी पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि वह तब तक राम मंदिर नहीं जाएंगे, जब तक मंदिर का निर्माण पूरी तरह से पूरा नहीं हो जाता। उन्होंने बताया कि चारों शंकराचार्यों ने भी यह कहा था कि शिखर ध्वज की पूजा के बाद ही मंदिर में दर्शन उचित होंगे। अब चूंकि मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है, इसलिए राहुल गांधी जल्द ही राम मंदिर जाएंगे।
तनुज पुनिया ने कहा कि अधूरे मंदिर में पूजा करने की परंपरा नहीं होती और इसी कारण राहुल गांधी ने पहले दर्शन नहीं किए थे। अब सभी धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, ऐसे में उनका अयोध्या जाना तय माना जा रहा है।
गौरतलब है कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के शिखर पर बीते वर्ष 25 नवंबर को ध्वजारोहण किया गया था। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने राम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की थी।