रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर एक बार फिर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत अब आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश तक सिंधु नदी का पानी नहीं पहुंचने देगा। तेलंगाना में बीजेपी की ओर से आयोजित ‘इंटेलेक्चुअल मीट’ कार्यक्रम में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ हर स्तर पर निर्णायक कार्रवाई करने के लिए तैयार है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ का किया जिक्र
राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारत ने दुनिया को यह दिखा दिया है कि जो देश शांति और सद्भाव की भाषा नहीं समझते, उन्हें उसी भाषा में जवाब देना आता है। उन्होंने कहा कि भारत ने साफ कर दिया है कि अगर देश के खिलाफ आतंकी गतिविधियां जारी रहीं तो पाकिस्तान को अनाज और पानी जैसी सुविधाएं भी प्रभावित होंगी।
‘सिंधु का पानी आतंक के आकाओं तक नहीं जाएगा’
रक्षामंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने सिंधु जल संधि को रोकने का फैसला इसी सोच के तहत लिया। उन्होंने कहा, “जिनकी आंखों के आंसू सूख चुके हैं, उन्हें भारत से पानी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। हम सिंधु का पानी आतंकवाद के संरक्षकों और मानवता के दुश्मनों तक नहीं पहुंचने देंगे।”
विपक्ष और राहुल गांधी पर साधा निशाना
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी नेता ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सेना की बहादुरी पर सवाल उठाकर देश का मनोबल कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को एक परिवार की जागीर समझती है। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेहनत और जनविश्वास की राजनीति करते हैं, जबकि विपक्ष सत्ता के लिए इंतजार की राजनीति में विश्वास रखता है।
‘भारत अब विश्वसनीय साझेदार’
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया में एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में उभरा है। कोविड महामारी के दौरान कई देशों की मदद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया भारत को ‘विश्व बंधु’ के रूप में देखती है। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत के दुश्मनों को यह नहीं भूलना चाहिए कि देश के पास सिर्फ वैक्सीन ही नहीं, ब्रह्मोस मिसाइल जैसी ताकत भी है।
‘अगली पीढ़ी की चिंता करती है सरकार’
राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का हर फैसला देश की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अगले चुनाव की नहीं, बल्कि अगली पीढ़ी की चिंता करती है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है और उसकी नीयत पूरी तरह साफ है।