तमिल सिनेमा से राजनीति में आए सुपरस्टार और तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के संस्थापक अध्यक्ष विजय ने विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करते हुए अपनी संपत्ति का खुलासा किया है। उनके हलफनामे के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 603.20 करोड़ रुपये है, जिसने राजनीतिक और फिल्मी हलकों में हलचल मचा दी है।
हलफनामे के अनुसार, विजय के पास 404.58 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 198.62 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनकी अचल संपत्तियों में कोडाइकनाल की कृषि भूमि के साथ चेन्नई में स्थित व्यावसायिक और आवासीय संपत्तियां शामिल हैं। देनदारियों की बात करें तो वर्ष 2015-16 के लिए 1.50 करोड़ रुपये का आयकर विवाद आयकर आयुक्त (अपील) और उच्च न्यायालय में लंबित है। वहीं, 2022-23 के लिए 14.13 लाख रुपये का एक अन्य मामला भी आयकर आयुक्त (अपील) के पास विचाराधीन है।
विजय ने अपनी पत्नी संगीता विजय की संपत्ति का भी अलग से उल्लेख किया है। उनके पास कुल 15.76 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें 15.51 करोड़ रुपये चल और 25 लाख रुपये अचल संपत्ति शामिल है। विजय के पास 2 लाख रुपये नकद और विभिन्न बैंक खातों में 213 करोड़ रुपये जमा हैं।
महंगी संपत्तियों में उनके पास बीएमडब्ल्यू 530, टोयोटा लेक्सस, टोयोटा वेलफायर और बीएमडब्ल्यू i7 जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा उनके पास 883 ग्राम सोने के आभूषण और करीब 15 लाख रुपये की चांदी भी है। खास बात यह है कि उनके ऊपर किसी बैंक या वित्तीय संस्थान का कोई कर्ज नहीं है। वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय 184.53 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।
हलफनामे में यह भी सामने आया कि विजय ने कई लोगों और संस्थाओं को बड़ी रकम उधार दी है। उन्होंने TVK महासचिव एन आनंद को 3 करोड़ रुपये, अपने पिता एस ए चंद्रशेखर को 3.02 करोड़ रुपये और अपनी मां शोभा शेखर को 8.71 लाख रुपये दिए हैं। इसके अलावा ए एल पी एंटोनियस ब्रिटो और कोकिलाम्बल एजुकेशनल ट्रस्ट को 20-20 करोड़ रुपये तथा विद्या चैरिटेबल ट्रस्ट को 5.84 करोड़ रुपये उधार दिए गए हैं। परिवार में भी उन्होंने पत्नी संगीता को 12.60 करोड़ रुपये, बेटे जेसन संजय को 8.78 लाख रुपये और बेटी दिव्या साशा को 4.60 लाख रुपये दिए हैं।
विजय ने हलफनामे में स्पष्ट किया है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही उन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार, उन्होंने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई अधूरी छोड़ दी थी, जबकि 10वीं और 12वीं की पढ़ाई प्राइवेट माध्यम से पूरी की थी। विजय 23 अप्रैल को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पेरम्बूर और तिरुचि पूर्व सीट से चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।