साउथ सिनेमा और बॉलीवुड के फेमस अभिनेता प्रकाश राज को गहरा सदमा लगा है। उनकी मां सुवर्णलता का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उम्र के चलते उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं और रविवार की सुबह उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली। परिवार ने जानकारी दी है कि उनका अंतिम संस्कार बेंगलुरु में किया जाएगा।
प्रकाश राज अपनी मां के बेहद करीब थे और अक्सर उनके जीवन संघर्ष की कहानियां साझा करते थे। कुछ समय पहले उन्हें ब्रेन सिस्ट की समस्या हुई थी, जिसके बाद सर्जरी करवाई गई थी। ऑपरेशन के बाद उनकी याददाश्त प्रभावित हुई थी और धीरे-धीरे वह अपने करीबियों को पहचानने में कमजोर हो गई थीं।
सुवर्णलता का जीवन संघर्षों से भरा रहा। उनका जन्म कर्नाटक में हुआ था और उन्होंने बचपन से ही कठिनाइयों का सामना किया। पेशे से नर्स के रूप में काम करते हुए उनकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई जो इलाज के लिए अस्पताल आए थे। यह मुलाकात धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और दोनों ने शादी कर परिवार बसाया। सुवर्णलता ने अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण किया, जिनमें प्रकाश राज सबसे बड़े हैं।
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और प्रकाश राज व उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। काम की बात करें तो प्रकाश राज हाल ही में फिल्मों ‘देवरा: पार्ट 1’, ‘दे कॉल हिम ओजी’ और ‘सीता पयनम’ में नजर आए थे। आने वाले समय में वह महेश बाबू के साथ एक बड़े प्रोजेक्ट में दिखाई देंगे।