देश के दो राज्यों असम और केरल के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। तीनों क्षेत्रों में कुल 296 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई और शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। इन चुनावों की मतगणना 4 मई को की जाएगी।
चुनाव के मद्देनजर तीनों ही क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। इन चुनावों में कई सीटें हाई-प्रोफाइल मानी जा रही हैं, जहां प्रमुख नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। असम में दिसपुर, जोरहाट, डिब्रूगढ़, नगांव, सिलचर और धुबरी जैसी सीटों पर खास नजर है, जिनका असर राज्य की राजनीति पर पड़ सकता है।
वहीं केरल में तिरुवनंतपुरम, नेमोम, पलक्कड़, त्रिशूर, मंजेश्वरम और कोझिकोड नॉर्थ सीटों को बेहद अहम माना जा रहा है, जहां मुकाबला काफी दिलचस्प है। इन हाई-प्रोफाइल सीटों के नतीजे चुनाव की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।