झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में दलहन और मिलेट (श्रीअन्न) की खेती को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के कई जिलों में किसानों ने दलहन और मिलेट की खेती में बेहतर प्रदर्शन किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि झारखंड में इन फसलों के उत्पादन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कृषि विभाग के पास सभी जिलों में उपलब्ध भूमि का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने प्रत्येक जिले में कम से कम एक गांव या पंचायत को चिन्हित कर वहां मॉडल कृषक पाठशाला स्थापित करने की योजना को जल्द अमल में लाने के निर्देश दिए।
हेमंत सोरेन ने यह भी कहा कि किसानों को आधुनिक और तकनीक आधारित खेती अपनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे नई कृषि तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन और आय दोनों बढ़ा सकें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से इस दिशा में ठोस कार्ययोजना बनाकर तेजी से काम करने को कहा।