प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा के जींद दौरे के बाद पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कुल 10 अहम परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने चंडीगढ़ को देश के विकास का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह शहर केवल एक केंद्र शासित प्रदेश नहीं, बल्कि भारत के योजनाबद्ध विकास और आधुनिक शहरी व्यवस्था का मॉडल है। PM मोदी ने कहा, “चंडीगढ़ सिर्फ एक शहर नहीं है, यह भारत के विकास का मॉडल रहा है। यहां का प्लान्ड डेवलपमेंट, बेहतर लाइफस्टाइल, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और मां चंडिका का आशीर्वाद इसकी विशेष पहचान हैं।”
प्रधानमंत्री ने शहर से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को भी साझा किया और कहा कि चंडीगढ़ आकर उन्हें हमेशा विशेष खुशी का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि शहर का विकास केवल यहां तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका लाभ हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लाखों लोगों तक पहुंचता है। स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि PGI चंडीगढ़ पूरे उत्तर भारत के लिए एक प्रमुख मेडिकल हब है और यहां एडवांस्ड हेल्थकेयर सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे लाखों मरीजों को फायदा मिलेगा।
PM मोदी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में चंडीगढ़ को हाई-टेक और स्मार्ट सिटी बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल गवर्नेंस जैसी कई परियोजनाओं को लागू किया गया है। इन परियोजनाओं पर 2,500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा, “चंडीगढ़ हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जम्मू-कश्मीर के लोगों को भी मिलता है।”
प्रधानमंत्री ने अपने दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वह हरियाणा के जींद से चंडीगढ़ पहुंचे हैं और यहां से पंजाब के विकास कार्यों के लिए जालंधर जाएंगे। इससे पहले जींद में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और हरियाणा में 14,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।