पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के चार साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश किया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने जनता से किए गए सभी वादे पूरे किए हैं और लोगों का भरोसा कायम रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मुफ्त बिजली, किसानों को दिन में निर्बाध बिजली, 78% खेतों तक नहरी पानी, 65 हजार सरकारी नौकरियां और 5.5 लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार किया गया है और 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है।
सरकार के कामकाज पर बात करते हुए सीएम मान ने कहा कि पंजाब के पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान, 1.55 लाख करोड़ रुपये का निवेश और सड़क सुरक्षा फोर्स जैसी पहल सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाती हैं। उन्होंने विपक्षी दलों कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सत्ता की राजनीति में उलझे हैं, जबकि उनकी सरकार पंजाब को आगे बढ़ाने में जुटी है।
शिक्षा क्षेत्र में बदलाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सर्वेक्षण के अनुसार पंजाब के सरकारी स्कूल अब देश में पहले स्थान पर हैं। स्कूलों में एक लाख से अधिक डेस्क उपलब्ध कराए गए हैं, 9,000 से ज्यादा स्मार्ट क्लासरूम और 5,000 कंप्यूटर लैब स्थापित किए गए हैं। साथ ही 15 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती और ठेका शिक्षकों को नियमित किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों और प्रिंसिपलों को फिनलैंड, सिंगापुर और आईआईएम अहमदाबाद जैसे संस्थानों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाओं पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 881 आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं, जहां अब तक 5 करोड़ से अधिक लोग इलाज करा चुके हैं। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत हर परिवार को बड़े निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज मिलेगा। इसके अलावा होशियारपुर, कपूरथला, संगरूर, एसबीएस नगर, लहराघागा, मलेरकोटला और लुधियाना में 7 नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं।
खेल और युवाओं के विकास के लिए 1,100 करोड़ रुपये की लागत से 3,000 आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं, जबकि 6,000 और मैदानों पर जल्द काम शुरू होगा। गांवों में 6,000 इंडोर जिम भी स्थापित किए जा रहे हैं ताकि युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सरकार ने 76 हजार परिवारों को आवास सहायता दी है और 40 हजार किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का नवीनीकरण किया जा रहा है। साथ ही 13,414 गांवों के तालाबों की सफाई और मंडियों के आधुनिकीकरण का काम भी किया गया है।
कृषि क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 8 घंटे बिजली दी जा रही है और 18,349 नहरों को पुनर्जीवित किया गया है। गन्ने का 416 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य देश में सबसे अधिक बताया गया है, जबकि फसल नुकसान पर 20 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण के तहत ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ शुरू की गई है, जिसमें महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चार वर्षों में पेंशन योजनाओं के तहत 5.2 लाख नए लाभार्थी जोड़े गए हैं और 35.7 लाख लोगों को 23,102 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया है। साथ ही आंगनवाड़ी सेवाओं को मजबूत करने के लिए हजारों भर्तियां की गई हैं।