उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी में ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को महिलाओं को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मंगलवार को प्रयागराज का दौरा करेंगे और दो लाख से अधिक महिलाओं की मौजूदगी वाले एक अनोखे कार्यक्रम में भाग लेंगे। सरकार ने इस बात की जानकारी दी। पिछले एक महीने में पीएम मोदी उत्तर प्रदेश में 10वां दिन बिताएंगे।
सरकार ने अपने एक विज्ञापन में बताया कि ‘यह कार्यक्रम महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री स्वयं सहायता समूहों के खातों मे 1000 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित करेंगे, जिससे लगभग 16 लाख महिला सदस्यों को लाभ पहुंचेगा।’
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक विज्ञप्ति में कहा,’यह ट्रांसफर दीनदयाल उपाध्याय योजना- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई) के तहत किया जाएगा, जिसमें 80,000 सेल्फ हेल्प ग्रुप को प्रति एसएचजी 1.10 लाख रुपये का सामुदायिक निवेश कोष (CIF) प्राप्त होगा और 60,000 एसएचजी को प्रति एसएचजी 15,000 रुपये की चक्रीय (रिवॉल्विंग) निधि प्राप्त होगी।’