संभल: स्वतंत्रता दिवस के दिन सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के फतेहपुर डाल गांव निवासी एक युवक पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पाकिस्तानी झंडे से जुड़ा स्टेटस पोस्ट करने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और युवक की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो और फोटो के आधार पर दावा किया जा रहा है कि तालिब खान नाम के युवक ने 15 अगस्त को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कथित विवादित स्टेटस लगाया था। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई।
पुलिस पहुंची युवक के घर
मामले की जानकारी दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को मिली। इसके बाद कुढ़ फतेहगढ़ थाना पुलिस की टीम युवक के घर पहुंची। हालांकि, उस समय युवक घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस को वहां उसके पिता मिले।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा के मुताबिक, युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि तालिब दिल्ली में रहकर मूंगफली बेचने के साथ मौसम के हिसाब से मजदूरी करता है। पिता ने यह भी कहा कि उन्हें बेटे की ओर से सोशल मीडिया पर ऐसा कोई पोस्ट किए जाने की जानकारी नहीं थी।
उच्चाधिकारियों को दी गई जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी है। अब वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस युवक के सोशल मीडिया अकाउंट और वायरल हो रहे पोस्ट की भी जांच कर रही है। बताया गया है कि विवादित फोटो और स्टेटस को सोशल मीडिया से हटवा दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्ट की वास्तविकता तथा युवक की भूमिका की पुष्टि की जा रही है।