उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में करोड़ों की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शहर की पॉश कॉलोनी शालीमार पैराडाइज में ठेकेदार के घर हुई चोरी का मास्टरमाइंड पड़ोस में रहने वाला युवक निकला। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करोड़ों रुपये के जेवर, नकदी और हथियार बरामद किए हैं। शालीमार पैराडाइज कॉलोनी में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। कॉलोनी में सुरक्षा के तमाम इंतजाम होने के बावजूद चोरी की घटना से लोग हैरान थे। अब पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।
परिवार के बाहर जाते ही रची गई साजिश
जानकारी के मुताबिक, 1 मई 2026 को अजय कुमार सिंह ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 19 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच वह परिवार सहित बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर लाइसेंसी पिस्टल, नकदी और करोड़ों के जेवर चोरी कर लिए। मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमें बनाई गईं। सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और 7 मई को पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
ऑनलाइन बिजनेस में घाटे के बाद बनाई चोरी की योजना
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी आकर्ष सिंह पीड़ित के घर के सामने रहता था। ऑनलाइन क्रेडिट बिजनेस में नुकसान होने के बाद वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी वजह से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। घटना वाली रात उसने अपने साथी पृथ्वी प्रताप सिंह को छत पर निगरानी के लिए लगाया और खुद घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद सामान ऑडी कार में भरकर साथी अनुराग के पास पहुंचाया गया। बाद में प्रयागराज में जेवर बेचने और गलवाने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 5 करोड़ रुपये कीमत के हीरे, सोने-चांदी के जेवर, एक लाइसेंसी पिस्टल, 7.62 बोर के 9 जिंदा कारतूस, 14.85 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई ऑडी कार बरामद की है। पुलिस ने आकाश सिंह समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।