मुंबई। महाराष्ट्र के यवतमाल जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो अलग-अलग घटनाओं में सैनिटाइजर पीने से सात लोगों की मौत हो गई।
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक अधिकारी ने कहा कि डॉक्टरों ने मारे गए तीन लोगों की मौत का कारण सैनिटाइजर पीना बताया है जबकि इन्हीं परिस्थितियों में मरने वाले बाकी तीन लोगों का पुलिस को बिना बताए ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस को शुक्रवार को सूचित किया गया था कि वाणी के ग्रामीण अस्पताल में तीन लोगों को उल्टी आने एवं असहज महसूस करने के बाद भर्ती कराया गया था, जिनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार वणी शहर में कुछ लोगों ने शराब ना मिलने की वजह से सैनिटाइजर ही पी लिया। सैनिटाइजर पीने के बाद जब लोगों की हालत बिगड़ने लगी तो सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां इलाज के दौरान ही उसमें से 7 लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सभी मृतक दिहाड़ी मजदूर का काम किया करते थे।