आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले एक युवक को विदेश यात्रा के दौरान अपने साथ खैनी और चूना ले जाना भारी पड़ गया. बहरीन एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने उसके सामान में खैनी और चूना मिलने के बाद उसे हिरासत में ले लिया. करीब 18 दिनों तक हिरासत में रहने के बाद युवक को 18 लाख रुपये खर्च करके रिहाई मिल सकी. युवक का नाम सौरभ राय है और वह आजमगढ़ के अहरौला क्षेत्र के भवरूपुर गांव का रहने वाला है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरभ 29 अक्टूबर को मुंबई से बहरीन पहुंचे थे. वह सऊदी अरब के दम्माम में ड्राइवर का काम करते हैं. बहरीन एयरपोर्ट पर सामान की जांच के दौरान अधिकारियों को उनके बैग से खैनी और चूना मिला. इसके बाद कस्टम विभाग ने उन्हें रोक लिया और आगे की पूछताछ के लिए पुलिस और क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डायरेक्टरेट (CID) को सौंप दिया.
एयरपोर्ट पर पकड़े जाने के बाद जब्त हुआ मोबाइल और बैग
जानकारी के मुताबिक, बहरीन एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने के बाद सौरभ का मोबाइल फोन और बैग भी जब्त कर लिया गया. जांच अधिकारियों ने उनसे बार-बार सवाल किए कि वह अपने साथ तंबाकू और चूना क्यों लेकर आए थे और क्या इसका इस्तेमाल किसी तरह की तस्करी के लिए किया जाना था. सौरभ के मुताबिक, हिरासत के दौरान उनसे लगातार पूछताछ की गई. उन्होंने दावा किया कि उन्हें ठंडे कमरे में रखा गया था और पर्याप्त गर्म कपड़े भी उपलब्ध नहीं थे. इस दौरान उनकी तबीयत भी बिगड़ गई.
7200 बहरीनी दीनार चुकाने के बाद मिली रिहाई
सौरभ के परिवार के लिए सबसे बड़ी चुनौती उनकी रिहाई का इंतजाम करना था. काफी समय तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो परिजन परेशान हो गए. इसके बाद उनके बड़े भाई ऋषभ राय ने 12 नवंबर को आजमगढ़ के मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मदद मांगी. परिवार ने विदेश मंत्रालय के जरिए भी सहायता की अपील की.
बहरीन में रहने वाले परिचितों की मदद से परिवार ने एक वकील की व्यवस्था की. इसके बाद जुर्माने और कानूनी फीस के रूप में कुल 7200 बहरीनी दीनार जमा किए गए. भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 18 लाख रुपये है. 18 नवंबर को अदालत से रिहाई मिलने के बाद सौरभ वहां से निकल सके.
सऊदी अरब, चेन्नई और दिल्ली होते हुए पहुंचे घर
रिहाई के बाद सौरभ पहले सऊदी अरब पहुंचे. इसके बाद उन्होंने चेन्नई और दिल्ली के रास्ते भारत में अपनी वापसी की. दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए वह अपने गांव आजमगढ़ पहुंचे. करीब तीन सप्ताह तक परिवार से दूर रहने के बाद उनकी घर वापसी हुई. सौरभ के मुताबिक, हिरासत और यात्रा के दौरान उनकी सेहत पर काफी असर पड़ा है. फिलहाल उन्हें टाइफाइड और मलेरिया होने की जानकारी सामने आई है और उनका इलाज चल रहा है. इसके अलावा उनके मुताबिक, अब उन पर बहरीन जाने को लेकर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.