नालंदा। बिहार के नालंदा में एक सनकी आशिक ने अपनी गर्लफ्रेंड और उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी है। मामला नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के सिंह कॉलोनी का है। हैरानी की बात ये भी है कि इस सनकी आशिक ने इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद खुद को भी गोली मार ली। आरोपी को हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक मृत युवती से एकतरफा प्यार करता था। इसी बीच लड़की के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। उसकी बारात 28 अप्रैल को आने वाली थी। वहीं लड़की के परिजन 22 अप्रैल को तिलक लेकर जाने वाले थे। इस बात की जानकारी होने से बौखलाया आरोपी बुधवार की रात इनके घर में घुस आया. इसके बाद उसने लड़की को देखते ही गोली मार दी। उसकी मां बचाने आई तो आरोपी ने उसे भी गोली मार दी।
इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद की कनपटी पर भी तमंचा रखकर गोली चला दिया। ताबड़तोड़ हुई इस फायरिंग की वजह से पूरी कालोनी ही नहीं, पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। एसपी नालंदा भारत सोनी के मुताबिक सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय तक मां बेटी की मौत हो चुकी थी, जबकि आरोपी खुद गंभीर रूप से घायल पड़ा था। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ उसकी भी मौत हो गई।