पंजाब: पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की घटना से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया. सराय बंजारा और बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए. डिब्बों से उठता धुआं दूर तक दिखाई दिया. आग लगने की सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है.
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन संख्या 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे आग लगी. यह घटना राजपुरा से लगभग 15 किलोमीटर दूर बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुई. बताया जा रहा है कि ट्रेन के इंजन की ओर से पांचवें कोच में सबसे पहले आग दिखाई दी. इसके बाद आग आसपास के डिब्बों तक फैल गई और कुल चार कोच इसकी चपेट में आ गए.
लोको पायलट ने दिखाई सूझबूझ, तुरंत रोकी ट्रेन
ट्रेन में आग लगने की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेन को रोक दिया. इसके बाद यात्रियों को डिब्बों से बाहर निकाला गया. अचानक धुआं उठता देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, समय रहते ट्रेन रोकने और यात्रियों को बाहर निकालने से बड़ा हादसा टल गया.
आग लगने से इलाके में मचा हड़कंप
घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा. आग की सूचना पर राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा. काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया. शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जांच का इंतजार है.
चार डिब्बे आग की चपेट में, नुकसान का आकलन जारी
कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच आग से प्रभावित हुए हैं. घटना के बाद रेलवे और प्रशासन की टीमें स्थिति का जायजा ले रही हैं. फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेन संचालन से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है. आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.