राजस्थान के नीमराणा इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने सनसनी फैला दी। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मोल्हड़िया गांव में रिहायशी क्षेत्र के पास बने कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी शुरू की। पुलिस ने गोदाम के अंदर से चार शव बरामद किए हैं, हालांकि उनकी पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान दमकलकर्मियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय गोदाम में कितने लोग मौजूद थे। फिलहाल पुलिस गोदाम से जुड़े लोगों और मजदूरों से पूछताछ कर रही है। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया, ताकि किसी और नुकसान से बचा जा सके।