लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के उद्घाटन के वर्चुअल कार्यक्रम में श्री रामचंद्र मिशन के हार्टफुलनेस संस्थान से भी सैकड़ों युवाओं ने सहभागिता की। आईआईएम रोड स्थित हार्टफुलनेस संस्थान परिसर में इस अवसर पर लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बाल निकुंज इंटर कॉलेज एवं बीकेटी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन से पूर्व डॉ. नीरज बोरा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में युवाओं से नशामुक्त एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य के लिए अभिशाप है। नियमित ध्यान (मेडिटेशन) व्यक्ति को मानसिक रूप से सशक्त बनाता है, जिससे वह नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन जी सकता है। उन्होंने अपने जीवन में ध्यान से आए सकारात्मक परिवर्तनों का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर हार्टफुलनेस के हेल्प प्राग्रोम में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को डॉ. नीरज बोरा ने प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
हार्टफुलनेस की जोनल कोऑर्डिनेटर शालिनी महरोत्रा ने बताया कि श्री रामचंद्र मिशन का हार्टफुलनेस संस्थान 160 से अधिक देशों में ध्यान के माध्यम से वैश्विक शांति, मानवीय मूल्यों एवं समग्र जीवनशैली के प्रसार हेतु कार्यरत है। संस्था अपने ग्लोबल गाइड पद्मभूषण श्री कमलेश डी. पटेल “दाजी” के मार्गदर्शन में प्राचीन योग परंपरा एवं ध्यान के माध्यम से मानव जीवन में संतुलन, आंतरिक शांति और नैतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान” की भावना के अनुरूप हार्टफुलनेस संस्थान देशभर में युवाओं के बीच नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। ध्यान एवं योग के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पित नागरिक बनाने की दिशा में संस्था निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नशामुक्ति पर आधारित संक्षिप्त नाट्य प्रस्तुति रही। उमा सक्सेना के लेखन एवं निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक में चंद्रकांत सिंह, पूनम दुबे, विजय गुप्ता, विशू, विद्याभूषण तथा पूर्णिमा ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प कराया गया।