नई दिल्ली। दिल्ली में पांच फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। इससे पहले आम आदमी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुटी है। इसी कड़ी में मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विश्वास नगर विधानसभा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी दीपक सिंघल के समर्थन में गाजीपुर गांव में रोड शो किया।
भगवंत मान की रोड शो के दौरान दीपक सिंघल भी मौजूद रहे। रोड शो के दौरान क्षेत्र के लोगों ने घरों से फूल बरसा कर पंजाब के मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने दीपक सिंघल को वोट देने की अपील की।
पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बन रही है। आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली में विकास कार्य किया है। दिल्ली शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। बिजली,पानी और स्वास्थ्य सेवाएं फ्री दी जा रही है। महिलाओं को बस सेवा फ्री मिल रही है। इससे दिल्ली की जनता संतुष्ट है।
भगवंत मान ने भाजपा और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा के नेताओं से हाथ मिलाने के बाद हाथ की उंगली गिन्नी पड़ती है कही उंगली तो पुरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा केवल लेना जानती है, कुछ देना नहीं जानती। इस मौके पर दीपक सिंघल ने भी लोगों को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की।