नई दिल्ली। दिल्ली के महरौली इलाके में 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी कैब ड्राइवर पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की थी, जिसके बाद कार्रवाई करनी पड़ी।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के पास उसने पुलिस टीम को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने विरोध भी किया, जिसके बाद उसे रोकने के लिए पैर में गोली मारी गई। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि उसकी हालत स्थिर है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
दरअसल, महरौली इलाके में फुटपाथ पर रहने वाली 11 साल की बच्ची सोमवार तड़के अचानक लापता हो गई थी। बच्ची अपने परिवार के साथ गुब्बारे बेचने का काम करती थी। परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब पांच बजे वह सो रही थी, तभी आरोपी उसे अपने साथ ले गया।
बच्ची के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान 25 वर्षीय बबलू के रूप में हुई, जो पेशे से कैब ड्राइवर बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बच्ची को सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसके साथ अपराध को अंजाम दिया गया। बाद में बच्ची का शव महरौली के जंगल क्षेत्र से बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मंगलवार को बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। अंतिम विदाई के समय परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। घटना के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा और शोक का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।