भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव दिल्ली से लौटकर आधी रात को आकस्मिक निरीक्षण के लिए सीधे राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र पहुंचे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
भोपाल स्थित राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र में पहुंचे सीएम मोहन यादव ने प्रदेश में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लेने के बाद सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, आज देर रात दिल्ली से लौटकर प्रदेश के कई क्षेत्रों में अति वर्षा से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति जानने के लिए राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र, भोपाल में बाढ़ नियंत्रण कक्ष के कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया। साथ ही, आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों की समीक्षा की।
सीएम ने आगे लिखा, वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कुछ बाढ़ प्रभावित जिलों के कलेक्टरों से फोन पर बातचीत की और साथ ही निर्देशित किया कि जिला प्रशासन और राज्य आपदा केंद्र के बीच समन्वय रहे, जिससे कोई भी विषम परिस्थिति न बन सके। इस दौरान मुख्य सचिव म. प्र, पुलिस महानिदेशक, होमगार्ड महानिदेशक, पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर भोपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।