लखनऊ। उप्र के विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन में शामिल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) व इसके अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के रिश्ते सपा मुखिया अखिलेश यादव से लगातार ख़राब होते जा रहे हैं।
कई मौकों पर अखिलेश यादव की आलोचना कर चुके ओमप्रकाश राजभर अब राष्ट्रपति चुनाव को लेकर हुई बैठक में न बुलाए जाने पर नाराज हैं। हालांकि उनकी ये नाराजगी एमएलसी चुनाव के बाद से ही है।
इसी क्रम में सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने आज शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में वह राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेंगे। राजभर ने कहा सुभासपा के सभी 6 विधायक राष्ट्रपति चुनाव में योगी आदित्यनाथ की बीजेपी के साथ जाएँगे और द्रौपदी मुर्मू को वोट देंगे।
हालांकि राजभर ने यह भी कहा कि वो अभी भी अखिलेश के साथ हैं और गठबंधन में जब तक वो हैं तब तक हम रहेंगे। उन्होंने कहा कि वो अखिलेश के साथ वोट देने के लिए तैयार थे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को एक और झटका उनके चाचा और पार्टी विधायक शिवपाल सिंह यादव की तरफ से भी लगा है। शिवपाल ने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है।
दरअसल, ओपी राजभर और अखिलेश के बीच विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद से ही विवाद शुरू हुआ था। यहां तक कि राजभर ने सार्वजनिक रूप से कई बार अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। दरअसल राजभर अपने बेटे अरविंद राजभर को विधान परिषद भेजना चाहते थे, लेकिन अखिलेश ने ऐसा किया नहीं और दोनों के बीच खटास यहीं से ज्यादा बढ़ गई।