झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और नई स्वास्थ्य तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड, PHIA Foundation और भारतीय विकास ट्रस्ट (Bharathiya Vikas Trust) के बीच RCH कॉन्फ्रेंस हॉल, रांची में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के तहत राज्य में District Health Sandbox Initiative के माध्यम से नई स्वास्थ्य तकनीकों और चिकित्सा उपकरणों का चयनित स्वास्थ्य केंद्रों में परीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह समझना है कि ये तकनीकें जमीनी स्तर पर कितनी उपयोगी हैं और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतों को किस तरह पूरा कर सकती हैं।
यह पहल झारखंड के पांच जिलों – साहिबगंज, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, कोडरमा और सरायकेला-खरसावां में संचालित की जाएगी।
इस अवसर पर NHM, झारखंड के मिशन निदेशक श्री शशि प्रकाश झा, IAS ने पहल की सराहना करते हुए इस बात पर जोर दिया कि चिकित्सा तकनीकों के चयन और उनके उपयोग से पहले स्थानीय परिस्थितियों, स्वास्थ्य केंद्रों की वास्तविक जरूरतों और जमीनी चुनौतियों को ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीकों का चयन इस तरह होना चाहिए कि वे संबंधित जिलों की जरूरतों के अनुरूप हों और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में उपयोगी साबित हों।
इस साझेदारी का उद्देश्य स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक जरूरतों के आधार पर नई तकनीकों की पहचान, उनका परीक्षण और उनसे मिलने वाले अनुभवों के आधार पर भविष्य में उनके विस्तार की संभावनाओं को समझना है।
