लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और छात्राओं को लेकर बड़े चुनावी वादे किए हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर वयस्क महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस राशि में हर साल बढ़ोतरी भी की जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना प्रदेश का विकास अधूरा है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को सपा सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इसके साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
महिलाओं के लिए शुरू होगी समर्पित एंबुलेंस सेवा
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं के लिए विशेष एम्बुलेंस सेवा भी शुरू की जाएगी। उन्होंने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को आधी आबादी की आर्थिक मजबूती और आजादी से जोड़ते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए उनकी पार्टी प्रतिबद्ध है। मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने भी योजना को लेकर कहा कि समाज में महिलाओं का सम्मान हमेशा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और आने वाले वर्षों में इसमें बढ़ोतरी भी होगी।
इंटर पास छात्राओं को मिलेगा लैपटॉप
सपा प्रमुख ने छात्राओं के लिए भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर इंटरमीडिएट पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप दिया जाएगा, ताकि वे तकनीक के जरिए अपनी पढ़ाई और करियर को आगे बढ़ा सकें। अखिलेश ने अपनी पिछली सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी समाजवादी सरकार ने छात्रों को लैपटॉप बांटे थे। उनका दावा है कि उस योजना से बड़ी संख्या में युवाओं को तकनीक से जुड़ने का अवसर मिला।
बीजेपी पर अखिलेश का हमला
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब ऐसे लोग भी टैबलेट बांटने की बात कर रहे हैं, जिन्हें तकनीक की समझ नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ स्क्रीन होने से तकनीक का इस्तेमाल नहीं हो जाता। दरअसल, योगी सरकार ने हाल ही में 25 लाख छात्र-छात्राओं को मुफ्त टैबलेट देने का फैसला किया है। इसी मुद्दे को लेकर अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधा।
‘बीजेपी के लिए नारी सिर्फ नारा’
अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण को लेकर भी बीजेपी को घेरा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून पारित होने के बावजूद इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा, “बीजेपी के लिए नारी सिर्फ नारा बनकर रह गई है।” सपा प्रमुख ने मांग की कि अगले विधानसभा चुनाव में महिला आरक्षण को लागू किया जाए।
छात्राओं को फिर मिलेगी साइकिल
अखिलेश यादव ने छात्राओं को साइकिल देने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में पहले भी छात्राओं को साइकिल दी गई थी और सत्ता में लौटने पर यह योजना फिर शुरू की जाएगी। उन्होंने प्रदेश में बंद किए गए करीब 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को दोबारा शुरू करने का भी दावा किया। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति को लेकर बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए। सपा के इन ऐलानों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं, छात्राओं और युवाओं को साधने की बड़ी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।