कानपुरः उत्तर प्रदेश के कानपुर में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपनी पिछली दो शादियों की बात छिपाकर तीसरी शादी करने और फिर पति के घर से 16 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर मायके चले जाने का आरोप लगा है. पति की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला, उसके माता-पिता और रिश्तेदारों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को 21 नवंबर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
पुलिस के मुताबिक, ऑटो सर्वेयर विशाल विश्वकर्मा की शादी 18 मई 2025 को कानपुर की जूही लाल कॉलोनी निवासी प्रगति से हुई थी. आरोप है कि शादी के करीब एक महीने बाद ही प्रगति घर से करीब 15 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये नकद लेकर मायके चली गई. शुरुआत में विशाल को पत्नी के इस कदम की वजह समझ नहीं आई. बाद में उसे जानकारी मिली कि प्रगति की पहले भी दो शादियां हो चुकी थीं और उसने तीसरी शादी के दौरान यह बात छिपाई थी.
जांच में खुला पिछली दो शादियों का मामला
बर्रा थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रगति की पहली शादी 20 मार्च 2017 को जूही के बारादेवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से हुई थी. इसके कुछ महीने बाद 23 जून 2017 को उसने इटावा निवासी सुमित बाथम से दूसरी शादी कर ली थी. पुलिस के अनुसार, दोनों पतियों से अलग होने के बाद प्रगति ने विशाल के साथ तीसरी शादी की थी.
विशाल का आरोप है कि शादी से पहले उसे प्रगति की पिछली वैवाहिक जिंदगी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी. जब उसे इस बात का पता चला तो उसने परिवार से जवाब मांगने का फैसला किया.
ससुराल पक्ष पर मारपीट और 20 लाख रुपये मांगने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को विशाल अपने छोटे भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर पहुंचा था. वहां पिछली शादियों को लेकर बातचीत के दौरान विवाद हो गया. विशाल ने आरोप लगाया कि इस दौरान परिवार के लोगों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की.
विशाल ने यह भी आरोप लगाया कि प्रगति की मां ने मामला खत्म करने के बदले 20 लाख रुपये की मांग की. रकम नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई. इसके बाद विशाल ने बर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.
महिला के माता-पिता और रिश्तेदार भी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रगति, उसके गोद लेने वाले पिता अशोक विश्वकर्मा, मां सीमा और उसकी सगी मां सोमवती को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा उसकी मौसी कोमल और मौसा शरद सैनी को भी गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, अशोक और सीमा रिश्ते में प्रगति के मौसा-मौसी भी हैं. वहीं, मामले में नामजद एक अन्य मौसी ललिता और मामी गोमती विश्वकर्मा अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है.
बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपियों को 21 नवंबर की शाम न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.