कच्छः गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में सात लोगों की जान चली गई. मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि उनका संबंध भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से था. सभी लोग रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे. इसी दौरान भुज-खावड़ा हाईवे पर उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई.
जोरदार टक्कर से कार के उड़े परखच्चे
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो हिस्सों में बंट गई. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत कार्य में मदद की. कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे लोगों तक पहुंचने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
कच्छ के एसपी विकास सुंडा के मुताबिक, 21 नवंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच भुज-खावड़ा हाईवे पर यह दुर्घटना हुई. खावड़ा से भुज जा रही कार की भुज से खावड़ा की तरफ आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चालक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया. मौके पर एंबुलेंस भी बुलाई गई, लेकिन कार में सवार सातों लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी. फिलहाल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है. पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है.
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
कच्छ में हुए इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि कच्छ में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत बेहद दुखद है. इस मुश्किल घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं.