अयोध्या: हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो आरोपियों के पुलिस एनकाउंटर पर समाजवादी पार्टी के अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मुठभेड़ की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि किन परिस्थितियों में यह एनकाउंटर हुआ, यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि जो लोग अपराध करते हैं, उनके खिलाफ कानून और न्यायिक व्यवस्था मौजूद है। अदालत को दोषियों को सजा देने का अधिकार है और कानून में सजा-ए-मौत का भी प्रावधान है। ऐसे में यह जांच होनी चाहिए कि आखिर ऐसी कौन सी स्थिति पैदा हुई कि एनकाउंटर करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि एनकाउंटर की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।
केशव मौर्य ने सपा पर साधा निशाना
अवधेश प्रसाद के बयान पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा खुद कई सवालों के घेरे में है। मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान अपराधियों को संरक्षण मिलता था और उस समय विधायकों तक की दिनदहाड़े हत्या हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम अपराधियों को पकड़ना है। अगर गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान कोई अपराधी पुलिस पर हमला करता है तो पुलिस जवाबी कार्रवाई करती है।
संजय निषाद बोले- सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद ने भी एनकाउंटर को लेकर कहा कि सरकार की अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने कहा कि जांच में समय लगता है, लेकिन कुछ लोग इस मामले पर राजनीति कर रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि किसी के साथ अन्याय होने पर उसे जल्द न्याय मिले।
जिम से निकलते समय हुई थी अंकित की हत्या
हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की 26 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:45 बजे शामली के कोतवाली क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। वह एक जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से अंकित की मौत हो गई।
दो कथित शूटर एनकाउंटर में मारे गए
पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे गोगी गैंग से जुड़े दो कथित शूटर सुमित और मोहित पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस का दावा है कि कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास दोनों की पुलिस से मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, जवाबी फायरिंग में दोनों को गोली लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अब इस एनकाउंटर को लेकर अवधेश प्रसाद द्वारा उठाए गए सवालों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।