लखनऊ/नई दिल्ली। आजम खां ने उन्हें सरकार द्वारा मिली अपनी सुरक्षा लौटा दी है। इतना ही नहीं उनके विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम ने भी सुरक्षा वापस कर दी है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उप्र के रामपुर से विधायक आजम खां को Y श्रेणी की सुरक्षा मिली थी।
उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को यह कहते हुए वापस लौटाया है कि उनको सुरक्षा कर्मियों पर विश्वास नहीं है। इसलिए सुरक्षा कर्मी वापस चले जाएं। फिलहाल चार सुरक्षा कर्मी वापस लौट आएं हैं।
गौरतलब है कि सपा विधायक आजम खां पर भैंस चोरी और किताब चोरी से लेकर करीब 87 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। ज्यादातर मामलों में वह जमानत पर चल रहे हैं और उनके ज्यादातर मामले कोर्ट में विचाराधीन है।
सरकार की ओर से उनको वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इसके तहत तीन गनर उनके साथ में रहते हैं,जबकि इतने ही आवास पर तैनात रहते हैं। विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम को एक सुरक्षा कर्मी मिला हुआ है।
एएसपी डा.संसार सिंह ने बताया कि चार सुरक्षा कर्मी वापस लौट आए हैं। आजम खां को वाई श्रेणी की सुरक्षा है। फिलहाल उनके आवास पर सुरक्षा लगी रहेगी।
यह भी पढ़ें
सपा विधायक आजम खां की तबीयत खराब, मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती
यूपी : सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के करीबी पेट्रोल पंप के मालिक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
इलाज करा रहे आजम
आजम खान इस वक्त दिल्ली में अपना इलाज करा रहे हैं। कल रात आजम व अब्दुल्ला की सुरक्षा में तैनात चार सुरक्षा कर्मी वापस लौट आए। सुरक्षा कर्मियों ने अफसरों को बताया है कि आजम ने उन्हें यह कहकर वापस लौटाया है कि उनको सुरक्षा कर्मियों पर भरोसा नहीं है। इसलिए वे वापस चले जाएं।
बता दें कि 27 महीने बाद आजम खान 20 मई को सीतापुर जेल से जमानत पर रिहा हुए थे। सीतापुर जेल में भी आजम की दो बार तबीयत बिगड़ी थी। दोनों बार उन्हें लखनऊ के मेदांता में भर्ती कराया गया था। पिछले साल मई में आजम खान कोरोना संक्रमित भी हो गए थे।