रिपोर्ट – दीपक कुमार, बरेली
भोजीपुरा ब्लॉक के परधौली में ड्यूटी के दौरान तैनात बीएलओ सर्वेश गंगवार का बुधवार को अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। घटना से बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही विभागीय और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। बीएसए विनता सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सर्वेश गंगवार भोजीपुरा ब्लॉक में बीएलओ के पद पर कार्यरत थे और ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। वहीं, सीएमओ कार्यालय ने प्राथमिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। परिजनों ने इस घटना के बाद काम के अत्यधिक दबाव पर सवाल उठाए हैं। दिवंगत के भाई योगेश गंगवार ने कहा कि सर्वेश कई दिनों से अधिक कार्यभार और मानसिक तनाव से परेशान थे।
ड्यूटी के दौरान हुई इस आकस्मिक मौत से शिक्षा विभाग में शोक की लहर फैल गई है। सहकर्मियों ने उन्हें एक मेहनती, समर्पित और जिम्मेदार कर्मचारी बताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।