जबलपुर| मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। नर्मदा नदी में चल रहा पर्यटकों से भरा क्रूज तेज आंधी और बारिश के बीच असंतुलित होकर डूब गया। घटना के बाद से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की खबर सामने आ रही है।
प्रारंभिक जानकारी में जहां 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 9 तक पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय क्रूज में करीब 40 से 45 लोग सवार थे। इनमें से अब तक 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 15 से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि क्रूज के अंदर अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं।
दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी है। एसडीआरएफ की टीमें अंधेरे में टॉर्च की मदद से नदी में तलाश कर रही हैं। क्रूज को रस्सियों के सहारे किनारे लाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद अब बचाव कार्य में सेना की टीम को भी शामिल कर लिया गया है। हाइड्रोलिक मशीनों के जरिए मौके तक पहुंचने और अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।
हादसे को लेकर राज्य सरकार भी सक्रिय है। मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम लगातार प्रयास कर रही है और स्थिति का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ शव लाइफ जैकेट पहने हुए मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हादसे के दौरान कई लोग बाहर नहीं निकल सके।
वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियां पूरी तत्परता के साथ राहत कार्य में जुटी हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि लापता लोगों की तलाश तेज़ी से की जा रही है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी।