राजपुरा: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनकल्याण और विकास योजनाओं के जरिए जनता के पैसे का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजपुरा में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का कोई भी दबाव सरकार को अपने जनहित के एजेंडे से पीछे नहीं हटा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर परिवार तक रोजगार के अवसर पहुंचाना, बुजुर्गों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। उन्होंने उन महिलाओं को भी भरोसा दिलाया, जिन्हें अभी तक सम्मान राशि नहीं मिली है। मान के मुताबिक जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ऐसी महिलाओं को भी जुलाई से राशि मिलनी शुरू हो जाएगी।
पंजाब में नफरत के लिए कोई जगह नहीं: मान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने पंजाब की सामाजिक और धार्मिक एकता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सभी समुदायों का साझा घर है और यहां अलग-अलग धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की पहचान भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द से है। राम नवमी हो, गुरुपर्व हो या ईद, यहां लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जमीन पर हर तरह का बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज यहां नहीं पनप सकता।
तीर्थ यात्रा योजना का दायरा बढ़ा
भगवंत मान ने सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसके जरिए श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा की सुविधा दी जा रही है। पहले श्री हरिमंदिर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब समेत अन्य धार्मिक स्थलों को योजना में शामिल किया गया था। अब इसका विस्तार करते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश, सालासर धाम और खाटू श्याम जी जैसे तीर्थ स्थलों को भी जोड़ा गया है। सरकार के मुताबिक योजना के तहत श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान परिवहन, ठहरने और भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए धार्मिक यात्रा को आसान बनाना है।
75 लाख महिलाओं को मिलना शुरू हुआ पैसा
मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत एक जुलाई से महिलाओं के बैंक खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मान के अनुसार सामान्य श्रेणी की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक दिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 75 लाख महिलाओं को योजना का लाभ मिलना शुरू हो चुका है।
विपक्ष पर साधा निशाना
भगवंत मान ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर वे सत्ता में आए तो मौजूदा सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का फोकस आम लोगों को राहत देने और सरकारी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने पर है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार ने 19 टोल प्लाजा बंद किए हैं, जिससे लोगों की रोजाना करीब 70 लाख रुपये की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में पारदर्शी तरीके से 70 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और करीब 90 फीसदी घरों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। उन्होंने किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने और करीब 44 हजार किलोमीटर सड़कों के निर्माण का भी दावा किया।
हर परिवार को 10 लाख तक कैशलेस इलाज का दावा
स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ को सरकार की प्रमुख पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पंजाब के प्रत्येक निवासी परिवार को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रावधान है। मान ने इसे राज्य में व्यापक स्वास्थ्य कवरेज की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि योजना के जरिए बड़ी संख्या में लोग मुफ्त इलाज की सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब के प्रत्येक परिवार को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।