जयपुर। राजस्थान में नए मुख्यमंत्री का नाम सामने आ चुका है। सांगानेर विधानसभा सीट से विधायक भजन लाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक में एलान हुआ है। वो राजस्थान बीजेपी के महामंत्री भी है। वो ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। भजन लाल शर्मा पहली बार विधायक बने हैं। भजन लाल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं।
इससे पूर्व राजस्थान में नए मुख्यमंत्री के लिए विधायक दल की बैठक शुरू हुई। भजन लाल शर्मा के नाम का एलान होने के बाद शाम 4.30 बजे राज्यपाल कलराज मिश्र से मिलकर वह सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि विधायक दल की बैठक में वसुंधरा राजे सिंधिया ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा और सभी ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। दिया कुमारी सिंह व प्रेमचंद बैरवा उप मुख्यमंत्री होंगे, इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष के रूप में वासुदेव देवनानी का चयन किया गया है।