चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के युवाओं के लिए बड़ा एलान किया है। सीएम भगवंत मान ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कहा कि पंजाब पुलिस में जल्द नई भर्तियां होने वाली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2001 में पुलिस बल में कर्मचारियों की संख्या 80,000 थी और 2024 में भी यह 80,000 ही रही। इस दौरान जनसंख्या कितनी बढ़ी, हिंसा कितनी बढ़ी लेकिन पुलिस भर्ती नहीं बढ़ी, हम इसे 90000 तक ले गए, अब हम इसे सवा लाख तक लेकर जाएंगे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आने वाले दिनों में पंजाब पुलिस में 10000 नई पोस्ट निकाली जा रही है।
इस संबंध में बकायदा मानसून सत्र में भी प्रस्ताव लाया जाएगा। इससे पंजाब के लड़के-लड़कियों को रोजगार मिलेगा। पुलिस बल में नई भर्तियां भी बढ़ेंगी, इससे अपराध भी कम होंगे। उन्होंने कहा कि आप बस मेहनत करो और टेस्ट पास करने के बाद पंजाब सरकार तुम्हें नौकरी देगी। इसके लिए न तो किसी सिफ़ारिश की ज़रूरत है और न ही रिश्वत की, सिर्फ मेहनत करो और आगे आओ।