जमुई। बिहार के जमुई के सदर अस्पताल परिसर में एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, अस्पताल परिसर में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी किसी से फोन पर बातें कर रही थी। इसी दौरान अस्पताल की बाउंड्री लांघ कर एक युवक अंदर आया और महिला के साथ अश्लील हरकत करने लगा। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर थी। शुक्रवार को वह अस्पताल परिसर में फोन पर किसी से बात कर रही थी। तभी अस्पताल परिसर की बाउंड्री कूदकर एक युवक अंदर घुस गया। दबे पांव वह महिला कर्मचारी के पीछे आया और उसका मुंह दबाकर उसे चूमने लगा।
फिर वह महिला को धक्का देकर गिराते हुए मौके से फरार हो गया। बदमाश की यह सारी करतूत अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
खौफ में सदर अस्पताल की महिला कर्मचारी
मामले में पीड़ित महिला ने टाउन थाना में मुकदमा दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है। घटना से स्पताल की दूसरी महिला कर्मचारियों में भय का माहौल है। इस तरह दिनदहाड़े महिला स्वास्थ्य कर्मी के साथ अश्लीलता के बाद सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
अभी तक आरोपित की नहीं हो सकी पहचान
दूसरी ओर, पुलिस आरोपित युवक की तलाश में जुट गई है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग आरोपित को सीरियल किसर कह रहे हैं, जो पीछे से आता है और किस कर के भाग जाता है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि जल्द ही आरोपित युवक की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी गंदी हरकत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आरोपित की तलाश में है, लेकिन अब तक युवक की गिरफ्तारी तो दूर, पहचान भी नहीं की जा सकी है।