बिहार की राजधानी पटना में बिहार पुलिस के महानिदेशक यानी डीजीपी का एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। जहां पर डीजीपी एस के सिंघल पुलिस के अन्य स्टाफ के साथ दौड़ लगा रहे थे। इस दौरान वे काफी तेज दौड़ते हुए आगे भी निकल गए। उनके साथ दौड़ रहा पुलिस का अन्य स्टाफ पीछे हो गया। लेकिन, 50 मीटक की दौड़ में ही DGP का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे जमीन पर मुंह के बल आ गिरे। इसके बाद तो उनके साथ दौड़ रहे पुलिस वालों के भी कदम थम गए। वहीं, ग्राउंड में पीछे चल रहे IPS अफसरों ने उन्हें उठाया। उसके बाद वह बीच कार्यक्रम से निकल गए। हालांकि, ये घटना 26 फरवरी की है। वहीं, इसका वीडियो अब सामने आया है।
दरअसल, राजधानी पटना के BMP ग्राउंड में बिहार पुलिस सप्ताह के तहत बीते शनिवार यानी 26 फरवरी को रन फार एनवायरमेंट यानी पर्यावरण के लिए दौड़ आयोजित हुई थी। इसमें सिर्फ IPS अधिकारी को दौड़ना था। वहीं, DGP हौसला अफजाई के लिए दौड़ में शामिल हुए थे। ऐसे में सबसे आगे निकलने की होड़ में वे तेज दौड़ने लगे, इसी चक्कर में वह औंधे मुंह गिर पड़े। इस दौरान डीजीपी को थोड़ी चोट भी लगी और मौके पर ही इलाज किया गया।
गौरतलब है कि इस समापन कार्यक्रम में DGP एसके सिंघल भी पहुंचे थे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत किया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान डीजीपी अपने मातहत अधिकारियों के साथ मैदान में दौड़ लगा रहे थे, जब वह गिर पड़े। वहीं, इस 50 मीटर की दौड़ में महज 10 मीटर ही रह गया था। तभी डीजीपी लड़खड़ाकर गिर पड़े।