हैदराबाद में कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘इंडिया समिट’ अब राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है। कार्यक्रम में यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी के नेता ज्याकोमो फिलिबैक ने भारत में लोकतंत्र की स्थिति और चुनाव प्रक्रिया को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत का समर्थन करते हुए राहुल गांधी की तारीफ की और उनके ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे का भी जिक्र किया। इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता विदेशी मंचों का इस्तेमाल भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने के लिए कर रहे हैं। भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी लगातार ऐसे मंचों पर भारत के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
गौरव भाटिया का राहुल गांधी पर हमला, बोले- ‘एंटी-इंडिया समिट’ होना चाहिए नाम
गौरव भाटिया ने हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस आयोजन का इस्तेमाल भारत की ताकत और तेलंगाना के विकास से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए होना चाहिए था, वहां देश की चुनी हुई सरकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
बीजेपी प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का नाम ‘इंडिया समिट’ के बजाय ‘एंटी-इंडिया समिट’ रख देना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी पर भारत विरोधी ताकतों को एकजुट करने का आरोप भी लगाया। भाटिया ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य के हितों को प्राथमिकता देने के बजाय ऐसे मंचों पर देश की राजनीतिक व्यवस्था को निशाना बनाया जा रहा है।
क्या बोले थे यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी के नेता?
दरअसल, हैदराबाद में आयोजित इंडिया समिट के दौरान यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी के नेता ज्याकोमो फिलिबैक ने भारत की चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र को लेकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ का सिद्धांत बेहद अहम है और इसे बनाए रखने की जरूरत है।
फिलिबैक ने राहुल गांधी के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे का समर्थन करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी मतदाता सूची की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने भारत में लोकतंत्र को लेकर चिंता जताई और कहा कि इसकी रक्षा करना जरूरी है। उनके इस बयान के दौरान राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। बताया गया कि भाषण के दौरान दोनों नेताओं को मुस्कुराते और तालियां बजाते हुए देखा गया।
इटली की नेता ने भी फिलिबैक के बयान पर उठाए सवाल
फिलिबैक की टिप्पणी को लेकर इटली में भी राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई। इटली की नेता और पत्रकार डेबोरा बर्गामिनी ने उनके बयान की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का जिक्र किया। बर्गामिनी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां करीब 97 करोड़ मतदाताओं को वोट देने का अधिकार है। ऐसे देश को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भारत के लोकतांत्रिक संस्थानों और स्थानीय स्वशासन व्यवस्था का भी उल्लेख किया।
बीजेपी के साथ BRS ने भी कांग्रेस से पूछे सवाल
इस पूरे विवाद के बाद बीजेपी के अलावा तेलंगाना की राजनीति में सक्रिय भारत राष्ट्र समिति (BRS) के नेताओं ने भी कांग्रेस पर सवाल खड़े किए। नेताओं ने पूछा कि आखिर किसी विदेशी राजनीतिक दल के नेता को भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी करने के लिए कांग्रेस के मंच पर क्यों बुलाया गया? विपक्षी दलों का सवाल है कि भारत की चुनावी प्रक्रिया और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर विदेशी नेताओं की टिप्पणी को कांग्रेस किस नजरिए से देखती है। फिलहाल इंडिया समिट में दिए गए बयान ने देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। बीजेपी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर लगातार हमलावर है।