जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज भाजपा विधायक दल की बैठक होने वाली है। यह बैठक सुबह 10 बजे विधानसभा में शुरू होगी, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इस संबंध में सोमवार देर शाम ही विधायकों को जानकारी साझा करते हुए सभी को बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। इस दौरान विधानसभा सत्र के लिए इस सप्ताह की रणनीति बनाई जाएगी, जिसमें विधेयक पर चर्चा भी संभव है।
आज शाम 5 बजे डिप्टी सीएम दिया कुमारी विधानसभा में बजट पर सरकार की ओर से जवाब पेश करने वाली हैं। इस लिहाज से भी भाजपा विधायक दल की बैठक को काफी महत्वपूर्ण मानी जा रहा है। इस दौरान विपक्षी दल के नेता भी सदन में हंगामा खड़ा कर सकते हैं। इन सब परिस्थितियों को कंट्रोल करने के लिए आज भाजपा विधायक मंथन कर सकते हैं। आगामी कुछ दिनों में भजनलाल सरकार सदन में कुछ विधेयक भी पेश करने वाली है, जिसके संबंध में आज बैठक में मंथन होने संभव है।
इससे पहले कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक बुलाई थी, जिसमें विधानसभा के सत्र में भाजपा सरकार को घेरने के लिए रणनीति बनाई गई थी।