ओडिशा के बोलांगीर जिले के टिटलागढ़ में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हवा में गोली चलाने के आरोप में बीजेपी विधायक नवीन जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें विधायक के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) प्रेमचंद नाग उन्हें पिस्तौल चलाने में मदद करते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में लापरवाही के आरोप में पीएसओ को निलंबित कर दिया गया है।
बोलांगीर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु भूषण बेहरा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और संबंधित हथियार जब्त कर लिया गया है। साथ ही निजी सुरक्षा अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह घटना शुक्रवार शाम टिटलागढ़ कस्बे में निकाली गई रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई। वायरल वीडियो में विधायक को पिस्तौल से फायरिंग करते देखा जा सकता है। हालांकि, विधायक नवीन जैन ने सफाई देते हुए कहा कि पिस्तौल असली नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने रैली में मौजूद राम भक्तों का उत्साह बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया था और उनका किसी को डराने का इरादा नहीं था।
पुलिस ने विधायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 के तहत जन सुरक्षा को खतरे में डालने और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (BJD) ने इस घटना को गंभीर बताते हुए विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है।