उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भाजपा विधायक और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के परिवार को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। उनके पुत्र और विधायक प्रतीक भूषण को फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रतीक भूषण के मोबाइल नंबर पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने उन्हें और उनके पिता को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। फोन करने वाले ने कथित तौर पर कहा कि दोनों को निशाना बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है और यदि बचना है तो खुद को बचा लें।
यह कॉल रविवार, 14 जून की दोपहर करीब 2:22 बजे आई बताई जा रही है। धमकी मिलने के बाद विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को दी गई शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बृजभूषण शरण सिंह और उनका परिवार पहले से ही विभिन्न आपराधिक और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के निशाने पर रहे हैं। तहरीर में आशंका जताई गई है कि इससे पहले भी कई बार इस तरह की धमकी भरी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कॉल करने वाले की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले संदीप शर्मा के रूप में हुई है। इसके बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है और पुलिस कॉल डिटेल्स व अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की पड़ताल में जुटी हैं।