कोलकाता। सपा प्रमुख व उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को उप्र की सभी 80 सीटों पर हार का सामना करना पड़ेगा।
कोलकाता में पार्टी की बैठक के बाद अखिलेश ने कहा- “भाजपा वालों को जब वोट की जरूरत होती है, तब वे वादे करते हैं। बीते दिनों में लोगों के खर्च और बेरोजगारी बढ़ी है लेकिन उन्होंने (भाजपा ने) चुनाव से पहले किया गया कोई वादा पूरा नहीं किया है।”
अखिलेश ने कहा कि भाजपा को 2024 चुनाव में हराना जरूरी है, इसलिए कांग्रेस और अन्य पार्टियों को अपनी भूमिका तय करनी चाहिए। कई राज्यों के मुख्यमंत्री ऐसा गठबंधन बनाने की कोशिश में हैं, जो साथ काम कर सके।
उन्होंने कहा तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ऐसी कोशिश कर रहे हैं, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी इसी प्रयास में हैं। अखिलेश ने कहा कि गठबंधन के नाम पर बाद में फैसला होगा।
कोई कमी नहीं छोड़ेगी सपा
दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पारित राजनीतिक प्रस्ताव के बारे में अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी यह सुनिश्चित करने कोई कसर नहीं छोड़ेगी कि अगले साल होने वाले चुनाव में उप्र और देश में भाजपा की हार हो।
यादव ने कहा, उप्र एकमात्र ऐसा राज्य है जो भाजपा को रोक सकता है, क्योंकि उसके पास सबसे ज्यादा सीटें हैं। हम उप्र में भाजपा को हराएंगे। पूरा देश सपा की ओर देख रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा ने कई झूठ बोले हैं, चाहे वह डीजल-पेट्रोल या एलपीजी की कीमतें हों या कीमतों में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी बड़े कॉरपोरेट घरानों के लिए काम कर रही है।