रिपोर्ट – मनोज तिवारी – हरदोई
यूपी के हरदोई जिले की तहसील सवायजपुर अंतर्गत खसौरा ग्राम पंचायत के मजरा दिउसीपुर में वर्षों से जमे दबंगों के अवैध कब्जे पर प्रशासन ने सख्त प्रहार किया है और बुलडोजर चलवाकर अवैध कब्जा हटवाया गया है।यह कार्यवाई जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर की गयी है।
दरअसल गांव के ही आदेश शुक्ला ने आरोप लगाया था कि गांव के ही पवन, मनसुख, राधिका और अनिल ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर रखा था। वर्षों तक न्याय के लिए दर-दर भटकने के बावजूद दबंग कब्जा छोड़ने को तैयार नहीं थे।आदेश शुक्ला ने समाधान दिवस में जिलाधिकारी से शिकायत की जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम सवायजपुर मयंक कुंडू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।आज प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचा और अवैध कब्जे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई शुरू की।
दबंगों द्वारा खड़े किए गए पक्के कमरे, छप्पर, झोपड़ियां और टीन शेड को ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया गया।कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध और हंगामा करने की कोशिश की, जिससे पुलिस के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई,लेकिन पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक सख्ती के आगे दबंगों की एक न चली। अंततः पूरी जमीन को कब्जा मुक्त कराकर विधिवत रूप से शिकायतकर्ता को सौंप दिया गया।इस मामले में एसडीएम मयंक कुंडू ने बताया कि अवैध कब्जेदारों को एक सप्ताह पूर्व ही कब्जा हटाने का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इसी के चलते राजस्व टीम और पुलिस बल के सहयोग से यह सख्त कार्रवाई की गई