रायपुर| मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार सुबह 11:30 बजे मंत्रिमंडल की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक नवा रायपुर स्थित अटल नगर मंत्रालय में होगी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, आगामी 14 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों को लेकर भी इस बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी। सरकार इस सत्र में कई संशोधन विधेयक प्रस्तुत करने जा रही है, जिस पर मंत्रिमंडल की मुहर लग सकती है।
इसके साथ ही बैठक में कृषि और खाद्य आपूर्ति से जुड़े मसलों पर भी अहम फैसले लिए जाने की उम्मीद है। खरीफ सीजन की शुरुआत के चलते किसानों की आवश्यकताओं और फसल बीमा जैसे विषयों पर भी विचार विमर्श किया जा सकता है।
यह बैठक राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़े निर्णयों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।