लुधियाना। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पंजाब के सामाजिक-आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने लुधियाना के कृषि विश्वविद्यालय में अंतर-क्षेत्रीय युवक मेले के दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं में हर क्षेत्र में सफलता हासिल करने की क्षमता है और उनकी प्रतिभा का सही उपयोग किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी और युवा विमान की तरह हैं और राज्य सरकार उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए लॉन्चपैड प्रदान करेगी। भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट किया कि जब तक पंजाब के विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्य प्राप्त नहीं कर लेते, वे चैन से नहीं बैठेंगे।
बता दें कि बीते दिनों होशियारपुर में डी.ए.वी. कॉलेज में इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल में शिरकत के दौरान भी सी.एम. मान का अलग अंदाज देखने को मिला था और यहां भी सी.एम. भगवंत मान और मशहूर सिंगर करमजीत अनमोल स्टेज पर गाना गाते दिखे थे। वहीं आज लुधियाना में भी एक बार फिर स्टेज पर सी.एम. ने गाना सुनाकर खूबसूरत समां बांधा तथो लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।