देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय मजदूर संघ की 70 वर्षों की उपलब्धियों, संघर्षों और योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह संगठन वर्षों से श्रमिकों की आवाज बुलंद करता आया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने विशिष्ट कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संगठन के कुछ विशिष्ट और सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, श्रमिक नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड में रहा और आयोजन स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
“हर श्रमिक को मिले पूर्ण सुरक्षा और सुविधाएं”
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने हमेशा श्रमिकों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय बनाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की नीतियों के तहत श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण हेतु ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उत्तराखंड सरकार भी उन्हीं नीतियों के अनुरूप राज्य को समृद्ध बनाने में जुटी है। उन्होंने कहा, “हमारा संकल्प उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना है, जिसमें श्रमिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
चारधाम यात्रा में अब तक 33 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा के अंतर्गत अब तक लगभग 33 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा अन्य पर्यटन स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। उन्होंने इसे उत्तराखंड की पर्यटन और धार्मिक आस्था की शक्ति का प्रमाण बताया।