रायपुर। बीते सात वर्षों से निर्माण कार्य पूरा होने के इंतजार में लटका हुआ स्काई वॉक का निर्माण अब पूरा किया जाएगा। इसके लिए विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इस बैठक में सरकार ने फैसला लिया कि स्काई वॉक का निर्माण पूरा किया जाएगा। इस बैठक में विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू सहित अन्य विधायक व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि शास्त्री चौक से स्काई वॉक का निर्माण पूरा किया जाएगा। इसका निर्माण पिछली योजना के तहत ही होगा। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात की सुविधा को देखते हुए ही स्काई वॉक का निर्माण पूरा किया जा रहा है। अब ड्राइंड डिजाइन तैयार कर स्काई वॉक का काम पूरा किया जाएगा।
वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री के निर्देश पर शास्त्री चौक पर पैदल चलने वाले यात्रियों की गणना हुई थी। उस समय अक्टूबर-2016 में पाया गया कि डा. भीमराव अम्बेडकर चिकित्सालय चौक पर 14 हजार और शास्त्री चौक पर 27 हजार पैदल चलने वाले यात्री निकलते हैं।
मई-2019 में दोबारा गणना के दौरान डा. भीमराव अम्बेडकर चिकित्सालय चौक पर पैदल निकलने वाले यात्रियों की संख्या 25 हजार 095 और शास्त्री चौक पर 35 हजार 920 थी जो कि पहले की गणना से चलने वाले यात्रियों की संख्या से अधिक थी। राज्य में पूर्ववर्ती सरकार द्वारा अधूरे स्काई वॉक के संबंध में सुझाव समिति का गठन किया गया था।