चंडीगढ़। दीनानगर में यातायात को सुचारू बनाने के लिए सीएम भगवंत सिंह मान ने सोमवार को दीनानगर रेलवे स्टेशन के पास अमृतसर-पठानकोट रेलवे सेक्शन पर बना रेलवे ओवरब्रिज लोगों को समर्पित किया। 51.74 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह रेलवे ब्रिज शहर के लोगों के लिए बड़ा तोहफा है।
इसका निर्माण अमृतसर-पठानकोट रेलवे सेक्शन पर सी-60 लेवल क्रासिंग पर किया गया है। इसमें रेलवे वाले हिस्से से जुड़ती सड़कों का काम भी शामिल है, जिस पर पूरा पैसा प्रदेश सरकार ने खर्च किया है। 7.30 मीटर लंबा और 10.5 मीटर चौड़ा यह प्रोजेक्ट साल 2019 में शुरू हुआ था।
रेलवे ओवरब्रिज के दोनों तरफ 0.75 मीटर चौड़े फुटपाथ का निर्माण किया गया और दोनों तरफ सर्विस रोड पर हाइवे लाइट्स लगाई गई हैं। ब्रिज के नीचे पेवर टायलों के साथ पार्किंग का निर्माण किया गया है। शहर के लोगों के लिए यह प्रोजेक्ट बहुत अहम है, जिससे यातायात को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से अमृतसर-पठानकोट रेलवे लाइन पर सी-6द लेवल क्रासिंग खत्म हो जाएगी। इससे सीमावर्ती गांवों से दीनानगर आने वाले लोगों को निर्बाध यातायात की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा यह ब्रिज सेना की गतिविधियों के लिए भी रणनीतिक रूट बनेगा, जिससे देश की एकता, अखंडता और प्रभुसत्ता की रखवाली में आसानी होगी।